
इंद्र यादव/सोलापुर
सोलापुर ग्रामीण पुलिस की अकलूज पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 17 अवैध हथियार, 47 जिंदा कारतूस और एक टाटा नेक्सॉन कार जब्त कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त माल की कुल कीमत करीब 18.47 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 14 अगस्त 2026 को पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी के मार्गदर्शन में अकलूज पुलिस थाना क्षेत्र में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को दबोच लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी बिना लाइसेंस के हथियार अपने पास रखे हुए थे और उनकी खरीद-फरोख्त की तैयारी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कैलास वजाले (31, सोलापुर), राहुल सतीश माने (34, सांगली), शनि भारत बनसोडे (सोलापुर), महादेव बालासाहेब कोरके (30, सोलापुर), प्रदीप पांडुरंग माने (सोलापुर), विजय सदाशिव किरणगी (34, बेलगाम, कर्नाटक), अनिल पंचलाल मेहता (32, बड़वानी, मध्य प्रदेश) तथा सुमित नाना लवटे (19, सोलापुर) के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 अवैध हथियार, 47 जिंदा कारतूस और हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही टाटा नेक्सॉन कार जब्त की। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। सोलापुर ग्रामीण पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार किन-किन राज्यों तक जुड़े हैं और अवैध हथियारों की सप्लाई किस नेटवर्क के माध्यम से की जा रही थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और संभावित खरीदारों की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

