
मुंबई। समाज सेवा और चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक समय से निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नेमीचंद छाजेड़ आज भी जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की किरण बने हुए हैं। करीब 40 वर्षों से लगातार नि:शुल्क मेडिकल शिविरों का आयोजन कर हजारों लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने वाले 86 वर्षीय डॉ. छाजेड़ का जीवन सेवा और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। खार (पूर्व) के साईबाबा रोड, जवाहर नगर स्थित उनके दवाखाने में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। वे महावीर इंटरनेशनल मेडिकल सर्विसेस के निदेशक तथा डॉ. छाजेड़ मेडिकल फाउंडेशन के ट्रस्टी के रूप में भी समाजहित के अनेक कार्यों का संचालन कर रहे हैं। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए महाराष्ट्र सरकार ने वर्ष 2008 में “आदिवासी सेवक पुरस्कार” से सम्मानित किए जा चुके है। इसके अलावा वर्ष 2011 में “स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल अवॉर्ड” सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महावीर इंटरनेशनल मुंबई द्वारा 4 अक्टूबर 2026 को सांताक्रूज (पूर्व), 11वीं रोड स्थित सेठ चिमनलाल नथूराम हाईस्कूल में एक विशाल नि:शुल्क मेडिकल शिविर आयोजित किया जाएगा। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलने वाले इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन परामर्श, ईसीजी, मधुमेह, रक्तचाप, रक्त समूह, त्वचा रोग, नेत्र परीक्षण, कैल्शियम जांच, अस्थमा जांच, कानों की जांच, ऑडियोग्राम, श्रवण यंत्र संबंधी परामर्श, हृदय जांच, डेंटल चेकअप, होम्योपैथिक उपचार तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण जैसी अनेक स्वास्थ्य सेवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉ. नेमीचंद छाजेड़ ने अधिक से अधिक नागरिकों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। डॉ. नेमीचंद छाजेड़ का कहना है कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की नींव है, इसलिए जरूरतमंदों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना उनका जीवन उद्देश्य है। चार दशकों से लगातार जारी यह सेवा अभियान आज भी उसी समर्पण और मानवता की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है।

