
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार सुबह उन्नाव शहर में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। गांधी चौराहे से शुरू होकर शास्त्री पार्क तक निकली इस रैली में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में करीब चार से पांच हजार लोगों की सहभागिता रही। रैली में जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, हिंदू नेता विमल द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। पूरे मार्ग पर लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने तिरंगा लहराकर रैली का स्वागत किया। स्कूली बच्चों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर जनपदवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की प्रेरणा से चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्नाव से पूरे प्रदेश में यह संदेश जाना चाहिए कि यहां के लोग राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खड़े हैं। रैली का समापन शास्त्री पार्क में राष्ट्रगान और देशभक्ति के संदेश के साथ हुआ। इस दौरान प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को सफल बनाने में आमजन से सहयोग की भी अपील की।

