
कपूरथला। पंजाब के कपूरथला शहर में स्थित रेल कोच फैक्ट्री (RCF) एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने जा रही है। फैक्ट्री द्वारा बांग्लादेश रेलवे के लिए 20 एलएचबी ब्रॉड गेज यात्री कोचों की पहली रेक तैयार कर रवाना की जाएगी। यह उपलब्धि भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।पहली रेक में कुल 20 यात्री कोच शामिल होंगे। इनमें 3 एसी स्लीपर कार, 3 एसी चेयर कार, 12 नॉन-एसी चेयर कार और 2 पावर कार शामिल हैं। इन कोचों में कई विशेष डिजाइन सुविधाओं और तकनीकी बदलावों को शामिल किया गया है। इनमें से कई डिजाइन और संशोधन पहली बार एलएचबी प्रकार के कोचों में विकसित किए गए हैं, जो RCF की डिजाइन, इंजीनियरिंग और निर्माण क्षमता को दर्शाते हैं। RCF और बांग्लादेश रेलवे के बीच सहयोग की शुरुआत 2015-16 में हुई थी। उस दौरान RCF ने बांग्लादेश रेलवे को 120 एलएचबी ब्रॉड गेज यात्री कोच सफलतापूर्वक उपलब्ध कराए थे। इस सफल साझेदारी के बाद बांग्लादेश रेलवे ने वर्ष 2024 में RITES के माध्यम से RCF को 200 ब्रॉड गेज यात्री कोचों का महत्वपूर्ण ऑर्डर दिया। इन कोचों के सात अलग-अलग प्रकार होंगे। 20 कोचों वाली पहली रेक का रोलआउट RCF के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे भारत और बांग्लादेश के बीच रेलवे क्षेत्र में सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही, इस परियोजना से RCF के लिए भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसरों के रास्ते भी खुल सकते हैं।यह उपलब्धि भारतीय रेलवे की आधुनिक कोच निर्माण क्षमता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती तकनीकी एवं विनिर्माण क्षमता को भी प्रदर्शित करती है।

