HomeMaharashtraदो हिंदी फिल्मों से बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री करेंगी ज़ारा पटेल, निभाएंगी...

दो हिंदी फिल्मों से बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री करेंगी ज़ारा पटेल, निभाएंगी जासूस और पुलिस अधिकारी का दमदार किरदार

मुंबई। तिरुपति प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही दो हिंदी फीचर फिल्मों से नवोदित अभिनेत्री ज़ारा पटेल बॉलीवुड में अपने अभिनय सफर की शुरुआत करने जा रही हैं। दोनों फिल्मों में उन्हें बिल्कुल अलग और चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं मिली हैं, जिनकी वजह से वह इन दिनों फिल्म जगत में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। एक फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरी अपने अंतिम चरण में है। दोनों फिल्मों का निर्देशन अजित वर्मा कर रहे हैं। पहली फिल्म में ज़ारा एक भारतीय गुप्तचर अधिकारी (इंटेलिजेंस ऑफिसर) की भूमिका निभाती नजर आएंगी, जबकि दूसरी फिल्म में वह डबल रोल में दिखाई देंगी। इस फिल्म में वह एक ओर सख्त और ईमानदार पुलिस अधिकारी का किरदार निभा रही हैं, वहीं दूसरी ओर चुलबुली, बेफिक्र और बिंदास गांव की लड़की के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करेंगी। ज़ारा का कहना है कि दोनों भूमिकाओं की तैयारी पूरी तरह अलग रही और इन्हें निभाना उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण अनुभव रहा। ज़ारा पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय निर्देशक अजित वर्मा को देते हुए कहा कि उन्होंने उनकी प्रतिभा पर विश्वास जताया और बड़े पर्दे पर खुद को साबित करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा, “आज मैं जहां तक पहुंची हूं, उसमें निर्देशक अजित वर्मा का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने हमेशा मेरा आत्मविश्वास बढ़ाया और हर कदम पर मेरा मार्गदर्शन किया। उनके साथ काम करते हुए पूरी टीम अपने आपको सुरक्षित और सहज महसूस करती है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को भी दिया, जिनके सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें अपने सपनों को साकार करने का हौसला दिया। ज़ारा बताती हैं कि अभिनय का सपना उन्होंने बचपन से देखा था। फिल्मों को देखकर वह अभिनेत्रियों की तरह अभिनय करती थीं, उनके संवाद बोलती थीं और खुद को बड़े पर्दे पर देखने की कल्पना करती थीं। समय के साथ उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपने वीडियो साझा करने शुरू किए। उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और उन्हें मॉडलिंग, विज्ञापन, कैटलॉग शूट और प्रिंट कैंपेन के लगातार अवसर मिलने लगे। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो और चुनिंदा लघु फिल्मों में भी काम किया, जिससे कैमरे के सामने उनका आत्मविश्वास और अभिनय दोनों निखरते गए। ज़ारा ने बताया कि वह महान अभिनेत्री श्रीदेवी की सहज अदाकारी, माधुरी दीक्षित के नृत्य और भाव-भंगिमाओं तथा शिल्पा शेट्टी के आत्मविश्वास से प्रेरणा लेती हैं। उनका मानना है कि हर कलाकार से कुछ नया सीखने को मिलता है और सीखने की यह प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। उन्होंने बताया कि उनकी पहली हिंदी फिल्म दीपावली 2026 तक रिलीज होने की संभावना है, जबकि दूसरी फिल्म नए साल के आसपास सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है। इसके अलावा वह एक दक्षिण भारतीय फिल्म में भी काम कर रही हैं, जिसमें हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई चर्चित कलाकार नजर आएंगे। सोशल मीडिया पर भी ज़ारा पटेल की अच्छी-खासी लोकप्रियता है। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके लाखों प्रशंसक हैं, जबकि उनके वीडियो और रील्स करोड़ों लोगों तक पहुंच चुके हैं। दो अलग-अलग और दमदार किरदारों के साथ बड़े पर्दे पर होने वाला उनका यह पदार्पण उनके करियर का सबसे अहम पड़ाव माना जा रहा है। अभिनय के प्रति उनकी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास उन्हें आने वाले समय में बॉलीवुड की नई पहचान दिला सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments