
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के एक टेंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद माटुंगा में हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में 43 वर्षीय ठेकेदार भैरू पदम सिंह और 30 वर्षीय दुकानदार आशीष संजय यादव घायल हो गए। मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने घटनास्थल से दो चाकू बरामद कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, ठेकेदार भैरू पदम सिंह ने शिकायत में बताया कि उन्होंने भाऊ दाजी रोड स्थित एफ/नॉर्थ वार्ड में फ्लोरिंग और कंक्रीट कार्य के लिए निकाले गए बीएमसी टेंडर में बोली लगाई थी। उनका आरोप है कि 2 अगस्त को उन्हें यह टेंडर न लेने की धमकी दी गई थी। शिकायत के मुताबिक, 3 अगस्त को जब वह पायनियर हॉल के पास स्थित वार्ड कार्यालय पहुंचे, तभी चार लोगों ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से हमला कर दिया। सिंह का आरोप है कि हमलावरों में से एक ने उनके पेट में चाकू से वार किया, जबकि दूसरे ने बीयर की बोतल से हमला किया। सिंह ने पुलिस को बताया कि आत्मरक्षा के लिए उनके पास भी चाकू था। हमले के बाद उन्होंने आरोपियों का पीछा किया और इस दौरान गिरने के बाद कथित रूप से आशीष यादव के पैर में चाकू लग गया। वहीं, आशीष संजय यादव का दावा है कि वह केवल झगड़े को शांत कराने और बीच-बचाव करने पहुंचे थे, लेकिन घटना के दौरान वह भी घायल हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया। माटुंगा पुलिस ने घटनास्थल से दो चाकू जब्त कर लिए हैं और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अब घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई, हमले में कुल कितने लोग शामिल थे और वास्तविक घटनाक्रम क्या था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

