
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लिया स्थिति का जायजा, SDRF तैनात; 17 मार्ग बंद
गडचिरोली। जिले में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज गडचिरोली जिला प्रशासन से बारिश और बाढ़ की मौजूदा स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गडचिरोली जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान औसतन 123 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बारिश का आंकड़ा 200 मिमी तक पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ में हुई अधिक बारिश के कारण भामरागढ़ तालुका में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर करीब 700 नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। प्रभावित नागरिकों के ठहरने की व्यवस्था विभिन्न आश्रमशालाओं और अन्य सुरक्षित स्थानों पर की गई है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ (SDRF) को तैनात रखा गया है और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं। भारी बारिश और जलभराव के कारण जिले में कुल 17 मार्ग बंद हैं। इन स्थानों पर पुलिस की सहायता से नागरिकों को सतर्क किया जा रहा है और जोखिम वाले मार्गों से आवाजाही नहीं करने की हिदायत दी जा रही है। प्रशासन के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों को छोड़कर जिले के अन्य स्थानों पर फिलहाल स्थिति सामान्य है।

