
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन और दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की जयंती के अवसर पर मुंबई के सायन स्थित समाज मंदिर हॉल में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महाराष्ट्र समाधान शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही रक्तदान शिविर और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक कैप्टन आर. तमिल सेल्वन, मुंबई शहर की जिलाधिकारी आंचल गोयल, अपर जिलाधिकारी बप्पासाहेब थोरात तथा निवासी जिलाधिकारी शिवनंदा लंगडापुरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। विधायक कैप्टन आर. तमिल सेल्वन ने कहा कि सायन-कोलीवाड़ा क्षेत्र में बड़ी संख्या में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग रहते हैं, ऐसे में समाधान शिविर का आयोजन नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा। जिलाधिकारी आंचल गोयल ने कहा कि यह शिविर लोकाभिमुख, पारदर्शी और गतिशील प्रशासन को सीधे नागरिकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करने तथा रक्तदान कर बरसात के मौसम में रक्त की कमी दूर करने में सहयोग देने की अपील की। महिलाओं से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का लाभ उठाने का भी आग्रह किया गया। शिविर में 29 सरकारी विभागों ने भाग लिया। इनमें से 9 विभागों ने विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया। कुल 91 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, राशन कार्ड, खेल सामग्री तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ वितरित किए गए। वहीं 20 विभागों ने नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया। शिविर में सायन क्षेत्र के नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और विभिन्न योजनाओं के लिए अनेक आवेदन भी प्राप्त हुए। कार्यक्रम के आयोजन में बृहन्मुंबई महानगरपालिका और मुंबई पुलिस का सहयोग रहा। इस अवसर पर वीर सावरकर ट्रस्ट की ओर से विद्यार्थियों को साइकिल तथा दिव्यांगजनों को तीन पहिया साइकिल भी वितरित की गई।

