Homeउत्तर प्रदेशनाली पर अतिक्रमण से जलभराव की समस्या

नाली पर अतिक्रमण से जलभराव की समस्या

कार्रवाई की मांग को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। शहर के पूर्व खेड़ा मोहल्ले में नाली पर कथित अतिक्रमण और नियमित सफाई नहीं होने से वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इस संबंध में क्षेत्र निवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार देवेश प्रताप सिंह राठौर ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। शिकायत के अनुसार, उनके मकान के सामने स्थित नाली में लंबे समय से पानी भरा रहता है, जिससे बरसात के दौरान पानी घर तक पहुंच जाता है। उनका आरोप है कि नाली की नियमित सफाई नहीं होने और आगे के हिस्से पर कथित अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित रहती है। देवेश प्रताप सिंह राठौर का कहना है कि पड़ोस में स्थित मुख्तार और अल्ताफ के मकानों के सामने नाली के ऊपर निर्माण होने से सफाई कार्य प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूर्व में अपर जिलाधिकारी (एडीएम), सिटी मजिस्ट्रेट, नगर पालिका परिषद उन्नाव के अधिशासी अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि नगर पालिका की ओर से समय-समय पर सफाई तो कराई जाती है, लेकिन समस्या के मूल कारण का समाधान नहीं होने से जलभराव की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने मांग की है कि कथित अतिक्रमण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और नाली की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता पर विशेष जोर दे रही हैं, ऐसे में स्थानीय स्तर पर भी जल निकासी और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाना चाहिए। देवेश प्रताप सिंह राठौर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को पुनः शिकायत भेजी है। उनके अनुसार, जिलाधिकारी कार्यालय के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों एवं संबंधित मंत्रियों के समक्ष भी यह मामला उठाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments