
मुंबई। बहुमुखी प्रतिभा की धनी उद्यमी रश्मि आर्या ने अपने पहले भक्ति गीत ‘शिव शंभू शंकरा’ के साथ गायन की दुनिया में कदम रखा है। आर्या मूविंग इमेजेज़ के बैनर तले निर्मित यह गीत टी-सीरीज़ पर रिलीज़ किया गया है। श्रावण मास से पहले रिलीज़ हुए इस भक्ति गीत को रश्मि ने भगवान शिव के प्रति अपनी अटूट आस्था और अपनी दिवंगत मां बेबी साधना की स्मृति को समर्पित किया है। रियल एस्टेट, फैशन डिज़ाइनिंग और विभिन्न व्यवसायों में सफल पहचान बना चुकी रश्मि आर्या पहली बार गायिका के रूप में सामने आई हैं। उन्होंने इस गीत को अपनी आवाज़ देने के साथ-साथ इसके म्यूज़िक वीडियो में भी अभिनय किया है। रश्मि बताती हैं कि संगीत के प्रति उनका जुड़ाव उनकी मां बेबी साधना से मिला, जो एक सम्मानित और पुरस्कार विजेता गायिका थीं। मां के निधन के बाद उन्हें लगा था कि संगीत भी उनसे दूर हो गया है, लेकिन समय के साथ उन्हें एहसास हुआ कि संगीत और गायन की विरासत उनके भीतर भी जीवित है। इसी भावना ने उन्हें अपने पहले गीत के रूप में भगवान शिव को समर्पित भक्ति गीत गाने के लिए प्रेरित किया। इस गीत के निर्माण में को-प्रोड्यूसर गुरप्रीत कौर चड्ढा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने रश्मि की मुलाकात संगीतकार, गीतकार और निर्देशक गुरु एम. शर्मा से कराई। गुरु एम. शर्मा ने रश्मि की आवाज़ में भक्ति, संवेदनशीलता और आत्मीयता को पहचानते हुए उन्हें गायन के लिए प्रेरित किया और लगातार प्रोत्साहित किया।
अपने डेब्यू को लेकर रश्मि आर्या ने कहा कि ‘शिव शंभू शंकरा’ उनके लिए केवल पहला गीत नहीं, बल्कि उनकी मां और भगवान शिव का आशीर्वाद है। उन्होंने कहा कि इस गीत का हर सुर उन्हें अपनी मां की याद दिलाता है और ऐसा महसूस होता है जैसे उनकी मां की आवाज़ उनके साथ गा रही हो। उन्होंने गुरप्रीत कौर चड्ढा और गुरु एम. शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हीं के विश्वास और मार्गदर्शन ने उन्हें अपने भीतर छिपी गायिका को पहचानने का साहस दिया। रश्मि ने बताया कि रिकॉर्डिंग से पहले उन्होंने लगातार तीन दिनों तक अभ्यास किया और चौथे दिन स्टूडियो में जाकर गीत रिकॉर्ड किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव के चरणों में अपनी पहली प्रस्तुति अर्पित करना उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। श्रावण मास के शुभ अवसर पर रिलीज़ हुआ ‘शिव शंभू शंकरा’ आस्था, भावनाओं और मां-बेटी के अटूट रिश्ते को समर्पित एक भावपूर्ण भक्ति गीत है।

