केंद्रीय प्रदर्शनी में महाराष्ट्र बना पार्टनर स्टेट, पारंपरिक हस्तकरघा से आधुनिक टेक्सटाइल तक दिखी राज्य की ताकत

नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े वैश्विक वस्त्र एवं परिधान प्रदर्शनी ‘भारत टेक्स 2026’ में महाराष्ट्र ने बतौर पार्टनर स्टेट अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। बुधवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस प्रदर्शनी में महाराष्ट्र पवेलियन का उद्घाटन राज्य के वस्त्रोद्योग मंत्री संजय सावकारे ने किया। इस अवसर पर उन्होंने देश-विदेश के उद्योगपतियों से महाराष्ट्र में निवेश करने का आह्वान किया। मंत्री सावकारे ने कहा कि महाराष्ट्र का वस्त्रोद्योग क्षेत्र पारंपरिक विरासत और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन संगम है। राज्य की नई वस्त्रोद्योग नीति 2023-2028 के तहत पूंजी अनुदान, बिजली दरों में रियायत, मशीनरी खरीद पर वित्तीय सहायता, कर छूट सहित कई आकर्षक प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं, जिससे महाराष्ट्र देश के सबसे उद्योग-अनुकूल राज्यों में शामिल हो गया है। इस अवसर पर वस्त्र उद्योग को डिजिटल मंच उपलब्ध कराने वाली ‘टेक्सटाइल डैडी’ वेबसाइट का भी शुभारंभ किया गया। यह प्लेटफॉर्म निर्माता, आपूर्तिकर्ता, खरीदार और उद्योग से जुड़े विभिन्न पक्षों को एक ही डिजिटल मंच पर जोड़कर व्यापार को आसान बनाएगा और नए बाजार उपलब्ध कराएगा। महाराष्ट्र पवेलियन में महाराष्ट्र हैंडलूम कॉर्पोरेशन, महाराष्ट्र पावरलूम कॉर्पोरेशन, रेशम संचालनालय, उद्योग विभाग तथा अमरावती पीएम मित्र पार्क सहित पांच प्रमुख प्रदर्शनी कियोस्क लगाए गए हैं। यहां राज्य की पारंपरिक पैठणी, हिमरू, करवत काठी, खण साड़ियां, सोलापुर की प्रसिद्ध चादरें, बांस के तौलिए, टेरी टॉवेल्स और जीआई टैग प्राप्त कोल्हापुरी चप्पलें विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। कार्यक्रम में वस्त्रोद्योग विभाग की प्रधान सचिव अंशू सिन्हा, नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र की निवासी आयुक्त श्वेता सिंघल, वस्त्रोद्योग आयुक्त संजय दैने सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। गौरतलब है कि भारत टेक्स 2026 का उद्घाटन 14 जुलाई को केंद्रीय वस्त्रोद्योग मंत्री गिरिराज सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने किया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में 130 से अधिक देशों के लगभग 6,000 खरीदार और 1.30 लाख से अधिक उद्योग प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।



