HomeMaharashtraविशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए घर-घर पहुंच रहे बीएलओ, आयुक्त अश्विनी...

विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए घर-घर पहुंच रहे बीएलओ, आयुक्त अश्विनी भिड़े ने किया निरीक्षण

मुंबई। विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्र कर रहे हैं। इस अभियान का जायजा लेने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े ने शनिवार को मरीन लाइंस क्षेत्र के धोबी तालाब स्थित गली नंबर-3 में मतदाता शोभा विजय रेडीज के घर तथा चिराबाजार स्थित 220 डॉ. विगाज स्ट्रीट पर स्थित महादेव मंदिर का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त अश्विनी भिड़े ने विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान और बीएलओ के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मतदाताओं से भी संवाद कर अभियान की जानकारी ली। इस अवसर पर महानगरपालिका की उपआयुक्त (शिक्षा) डॉ. प्राची जांभेकर भी उपस्थित थीं। आयुक्त ने कहा कि मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बावजूद मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपना दायित्व निभा रहे हैं। मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से बीएलओ घर-घर जाकर नागरिकों से आवश्यक जानकारी एकत्र कर रहे हैं। अश्विनी भिड़े ने प्रतिकूल मौसम में भी कार्यरत बीएलओ की सराहना करते हुए नागरिकों से अपील की कि जब बीएलओ सत्यापन के लिए उनके घर आएं तो उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर पूरा सहयोग दें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments