
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक नवीन सभागार कलैक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2025–26 में भूमि संरक्षण अनुभाग द्वारा संचालित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा वर्ष 2026–27 की प्रस्तावित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत संचालित खेत तालाब योजना के सभी ऑनलाइन आवेदनों का शीघ्र भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेत तालाबों की खुदाई का कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि वर्षाकाल में अधिकतम जल संचयन हो सके और किसानों को योजना का पूरा लाभ मिल सके। साथ ही खेत तालाब योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना की समीक्षा करते हुए दोहित एवं अतिदोहित क्षेत्रों में जल संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता देने, बंजर एवं बीहड़ भूमि का उपचार कर उसे कृषि योग्य बनाने तथा विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में सदस्य विधान परिषद रमा निरंजन ने भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक किसान इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।



