HomeMaharashtraमुंबई स्टॉक एक्सचेंज परिसर में स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा की प्रतिमा का...

मुंबई स्टॉक एक्सचेंज परिसर में स्वतंत्रता सेनानी जवाहरलाल दर्डा की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई स्टॉक एक्सचेंज देश की आर्थिक पहचान और आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। ऐसे प्रतिष्ठित स्थान पर स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा (बाबूजी) की अर्धप्रतिमा की स्थापना उनके राष्ट्र निर्माण, सार्वजनिक जीवन और पत्रकारिता में दिए गए अमूल्य योगदान का सम्मान है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई स्टॉक एक्सचेंज के समक्ष स्थापित स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा की अर्धप्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष एड. राहुल नार्वेकर, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन, सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार, मृदा एवं जल संरक्षण मंत्री संजय राठौड़, पूर्व सांसद विजय दर्डा, पूर्व मंत्री राजेंद्र दर्डा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान युवाओं को संगठित कर विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई और देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन से ही दर्डा स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े रहे तथा उस दौर के महान स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों से प्रेरित होकर राष्ट्रसेवा का मार्ग अपनाया। स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार में मंत्री के रूप में स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा ने कई महत्वपूर्ण विभागों का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया। उनके प्रशासनिक कार्यों और जनहितकारी निर्णयों की छाप आज भी संबंधित विभागों में दिखाई देती है। सार्वजनिक जीवन में उनकी कार्यशैली, जनसरोकार और विकास के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें एक विशिष्ट जननेता के रूप में स्थापित करती है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को भी विशेष रूप से रेखांकित करते हुए कहा कि स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा ने मराठी पत्रकारिता को नई दिशा देते हुए लोकमत समाचार पत्र की स्थापना की। आज लोकमत महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख समाचार समूहों में शामिल है और प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक तथा डिजिटल मीडिया में उसकी मजबूत उपस्थिति है। उन्होंने कहा कि इस व्यापक मीडिया समूह की मजबूत नींव रखने का श्रेय स्वर्गीय बाबूजी की दूरदृष्टि और समर्पण को जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी, जननेता और पत्रकार के रूप में स्वर्गीय जवाहरलाल दर्डा का बहुआयामी व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा और उनकी प्रतिमा राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनकल्याण के प्रति समर्पण का संदेश देती रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments