
मुंबई। चेंबूर इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में स्कूल बस पर विशाल पीपल का पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला गया। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:58 बजे मुंबई फायर ब्रिगेड (MFB) को सूचना मिली कि चेंबूर के रोड नंबर-11 स्थित हेरिटेज प्राइड के पास सड़क किनारे खड़ी यूनिवर्सल हाई स्कूल की बस पर अचानक एक विशाल पीपल का पेड़ गिर गया। उस समय बस में कुल 12 छात्र सवार थे। पेड़ गिरते ही बस में चीख-पुकार मच गई। बस के कंडक्टर और आसपास मौजूद स्थानीय नागरिकों ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी बच्चों को बस से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को तत्काल नजदीकी जेन अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के मेडिकल अधिकारियों के अनुसार, पांच बच्चों को उपचार के लिए लाया गया था। इनमें चार बच्चों की हालत स्थिर है, जबकि गंभीर रूप से घायल 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने दोपहर 3:23 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आपदा राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन ने पेड़ हटाकर रास्ता साफ कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर मुंबई में पुराने और जर्जर पेड़ों की नियमित जांच, रखरखाव तथा मानसून के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे पेड़ों का समय रहते सर्वेक्षण और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।




