Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के लिए जागरूकता रैली निकाली गई, सदर विधायक...

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के लिए जागरूकता रैली निकाली गई, सदर विधायक ने दिखाई हरी झंडी

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। आगामी रविवार को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिला अस्पताल उमा शंकर दीक्षित से शनिवार को व्यापक जनजागरूकता रैली निकाली गई। उन्नाव सदर विधायक पंकज गुप्ता ने आशा बहुओं और कॉलेज के छात्र-छात्राओं की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा लोगों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार शर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, पुरुष चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सुनील कुमार शुक्ला, महिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. अरविंद आनंद सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को रविवार को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर और अपंगता पैदा करने वाली बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बच्चे तक दवा पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता रैली के माध्यम से शहरवासियों को पल्स पोलियो अभियान की जानकारी दी गई तथा अभिभावकों से अनुरोध किया गया कि वे किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित न रखें। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अभियान के दौरान जिले भर में स्थापित पोलियो बूथों पर बच्चों को निःशुल्क पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की खुराक देंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने आसपास के सभी पात्र बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य दिलवाकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाएं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments