Homeउत्तर प्रदेशउन्नाव को 570.32 करोड़ रुपये की 101 विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री...

उन्नाव को 570.32 करोड़ रुपये की 101 विकास परियोजनाओं की सौगात, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण एवं शिलान्यास

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डीह स्थित भवानीखेड़ा चौराहा, इंदुखेड़ा में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में जनपद उन्नाव को 570.32 करोड़ रुपये की लागत वाली 101 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ-साथ अनेक सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, स्मार्टफोन तथा अन्य सहायता सामग्री भी वितरित की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने कृषि, स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, उद्योग एवं उद्यमिता विकास, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, मत्स्य विभाग तथा उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर उन्होंने दो गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा दो नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन कर उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्यमंत्री ने सदर और भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्रों में कुल 570.32 करोड़ रुपये की 101 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 378.40 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 191.92 करोड़ रुपये की 82 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। सदर विधानसभा क्षेत्र में 483.98 करोड़ रुपये की 44 परियोजनाओं तथा भगवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में 86.34 करोड़ रुपये की 57 परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कृषक दुर्घटना बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी एवं ग्रामीण), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, पंचायत कल्याण कोष, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, दिव्यांग पेंशन तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं डेमो चेक वितरित किए। साथ ही आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और पात्र लाभार्थियों को स्मार्टफोन भी प्रदान किए गए। सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव को अध्यात्म, साहित्य और क्रांतिकारियों की भूमि बताते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा रामबख्श सिंह तथा वीर गुलाब सिंह लोधी के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि जनपद में विकास योजनाओं को तेजी से लागू किया जा रहा है और क्षेत्र की कनेक्टिविटी निरंतर मजबूत हो रही है। गंगा एक्सप्रेसवे, प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे तथा नए पुलों के निर्माण से उन्नाव और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीब, किसान, महिला और युवा को केंद्र में रखकर योजनाएं संचालित कर रही है तथा बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि उन्नाव को स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) में शामिल किया गया है। उन्होंने लखनऊ-उन्नाव-कानपुर रैपिड रेल परियोजना की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा। एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना के निर्माण में उत्तर प्रदेश अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, सांसद साक्षी महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, विधायक पंकज गुप्ता, श्रीकांत कटियार, बंबालाल दिवाकर, बृजेश कुमार, आशुतोष शुक्ला, अनिल कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments