HomeMaharashtraमहाराष्ट्र खेलों में अग्रणी, पूर्वोत्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे राज्य...

महाराष्ट्र खेलों में अग्रणी, पूर्वोत्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे राज्य : राज्यपाल

मुंबई। महाराष्ट्र ऑलिम्पिक एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सांसद एवं एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कोटक के नेतृत्व में शुक्रवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से लोकभवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान युवाओं को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और खेलों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के खिलाड़ियों में अपार प्रतिभा और क्षमता मौजूद है। महाराष्ट्र में खेलों के लिए उत्कृष्ट आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, इसलिए राज्य को पूर्वोत्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को महाराष्ट्र में प्रशिक्षण देने की दिशा में पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र देश के अग्रणी खेल राज्यों में से एक है और खेल विकास के क्षेत्र में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्यपाल ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत अन्य राज्यों में विभिन्न खेलों के प्रचार-प्रसार और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए महाराष्ट्र से सक्रिय नेतृत्व करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने कहा कि राज्यों के बीच खेल सहयोग बढ़ने से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलेगी। इससे देश में खेलों का समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र ऑलिम्पिक एसोसिएशन के महासचिव संजय शेटे, सहसचिव प्रदीप खंडारे, ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन के महासचिव सुंदर अय्यर, त्रिपुरा ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव एवं ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन के सहसचिव सुजीत रॉय सहित विभिन्न खेल संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments