
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में गुरुवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर लोगों के बीच टॉफियां बांटीं और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने महंगाई पर नियंत्रण की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से “मेलोडी बांटो अभियान” चलाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकार महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनसमस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। इसी संदेश को आम जनता तक पहुंचाने के लिए मेलोडी टॉफियां वितरित की गईं। बता दे कि कांग्रेस नेता तन्मय श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिसका सीधा असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन लागत में वृद्धि हुई है, जिससे हर वस्तु की कीमत प्रभावित हो रही है। श्रीवास्तव ने आगे कहा कि महंगाई से केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि व्यापारी, किसान और उद्योग जगत भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने जोर दिया कि देश की जनता बढ़ती कीमतों से परेशान है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं दिख रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों को उठाती रही है और जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।



