अनफिट स्कूली वाहन सड़क पर मिले तो होंगे सीज़, दुर्घटना पर स्कूल की मान्यता तक हो सकती है रद्द

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और स्कूल प्रबंधकों को कड़े निर्देश जारी किए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बिना फिटनेस वाले स्कूली वाहन किसी भी हालत में सड़क पर नहीं चलने चाहिए। यदि ऐसे वाहन चलते पाए गए तो उन्हें तत्काल सीज़ किया जाएगा और दुर्घटना की स्थिति में संबंधित विद्यालय की मान्यता निरस्त करने तक की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक बच्चे और नागरिक का जीवन बेहद महत्वपूर्ण है और सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।बैठक में एआरटीओ हेमचंद्र गौतम ने जानकारी दी कि जनपद के 2436 स्कूलों, जिनमें मदरसे भी शामिल हैं, में से 2402 स्कूलों की जांच पूरी कर ली गई है। जांच के दौरान 48 स्कूली वाहन अनफिट पाए गए, जिनका संचालन रोक दिया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यदि ये वाहन दोबारा सड़क पर चलते पाए जाएं तो तत्काल सीज़ की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्यों और स्कूल प्रबंधकों को निर्देशित किया कि कोई भी छात्र बिना लाइसेंस और बिना हेलमेट वाहन चलाकर स्कूल न आए। यदि स्कूल ड्रेस में कोई नाबालिग छात्र वाहन चलाते हुए दुर्घटना का शिकार होता है तो उसके लिए अभिभावकों के साथ संबंधित प्रधानाचार्य भी जिम्मेदार माने जाएंगे। उन्होंने स्टंटबाजी, लापरवाही, ओवरलोडिंग और अवैध डंपरों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में स्कूली वाहनों के निजी चालकों का पुलिस सत्यापन और मेडिकल जांच कराने के भी निर्देश दिए गए। वहीं शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ईलाइट चौराहे सहित विभिन्न स्थानों को चिन्हित कर ब्लैक स्पॉट कम करने और वंदना स्वीट्स सहित अन्य क्षेत्रों के आसपास नो पार्किंग जोन घोषित करने के निर्देश नगर निगम को दिए गए।ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोड वाहनों की रोकथाम के लिए गरौठा और झांसी क्षेत्र के चार प्रमुख मार्गों पर सिम वेब कैमरे और ट्रैफिक बैरियर लगाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को अवैध कट तत्काल बंद कराने के निर्देश देते हुए सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनबाड, एसपी आरए डॉ. अरविंद कुमार, अपर नगर आयुक्त राहुल यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, डीआईओएस रती वर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, एनएचएआई प्रतिनिधि, विभिन्न स्कूलों के प्रबंधक, बस एसोसिएशन, ट्रक एसोसिएशन और ऑटो एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।



