
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि श्री सिद्धिविनायक मंदिर में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और भक्तों को कम समय में सहज एवं सुगम दर्शन मिलना चाहिए। सोमवार को मंदिर परिसर में आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ अब सुंदरीकरण परियोजना भी शुरू की गई है, जिसके पूर्ण होने के बाद सिद्धिविनायक मंदिर परिसर को नया और भव्य स्वरूप मिलेगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने श्री सिद्धिविनायक मंदिर परिसर के सुंदरीकरण परियोजना के पहले चरण के कार्यों का भूमिपूजन किया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रतिदिन दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और अधिक आकर्षक एवं शांत वातावरण उपलब्ध होगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर न्यास के अध्यक्ष सदानंद शंकर सरवणकर, विधायक कालिदास कोळंबकर, विधायक प्रसाद लाड, महापौर रितू तावडे, उपमहापौर संजय घाडी तथा मंदिर न्यास के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी सहित अन्य ट्रस्टी उपस्थित थे।




