प्रभारी पुलिस कंट्रोल रूम अनूप मिश्रा ने बनाया “स्टेशनरी बैंक”, बच्चों को शिक्षा के प्रति किया प्रेरित

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। श्री जी सामाजिक सेवा समिति द्वारा “स्प्रेड ए स्माइल” मुहिम के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन स्थित प्राथमिक विद्यालय नगर क्षेत्र में स्टेशनरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों को शैक्षिक सामग्री वितरित की गई। स्टेशनरी पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में प्रभारी पुलिस कंट्रोल रूम अनूप मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें मेहनत व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों की सहायता के लिए “स्टेशनरी बैंक” बनाए जाने की जानकारी भी दी। साथ ही संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। संस्था की अध्यक्ष मंजू लता अवस्थी ने कहा कि हर बच्चे के हाथ में कलम और किताब पहुंचाना समाज को सशक्त बनाने की दिशा में सबसे बड़ी पहल है। उन्होंने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से गरीब और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए कार्य कर रही है। संस्था के सदस्य गांव-गांव और परिषदीय विद्यालयों में जाकर जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क कॉपी, किताबें, पेंसिल सहित अन्य शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराते हैं, जिससे बच्चों को पढ़ाई में मदद मिलती है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अनूप मिश्रा तथा संस्था की अध्यक्ष मंजू लता अवस्थी, दीपाली मिश्रा, अरुणा तिवारी, डॉ. मनीता सेंगर, नीलम श्रीवास्तव, रीना पाण्डेय, अविता अवस्थी और नुपुर श्रीवास्तव ने बच्चों को पेंसिल, रबर, स्केल, पेंसिल बॉक्स और कॉपियों का वितरण किया। विद्यालय की प्रभारी नुपुर श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का संचालन किया और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों द्वारा शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की।




