Friday, May 15, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraमुंबई क्लायमेट वीक 2027 का ऐलान, जलवायु बदलाव पर वैश्विक मंच बनेगी...

मुंबई क्लायमेट वीक 2027 का ऐलान, जलवायु बदलाव पर वैश्विक मंच बनेगी मुंबई

मुंबई। जलवायु परिवर्तन के मुद्दों पर वैश्विक चर्चा और प्रत्यक्ष कार्रवाई को एक मंच पर लाने वाले ‘मुंबई क्लायमेट वीक’ के पहले संस्करण की निष्पत्ति एवं प्रभाव रिपोर्ट का विमोचन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों गुरुवार को मंत्रिमंडल बैठक के बाद किया गया। इस दौरान ‘मुंबई क्लायमेट वीक 2027’ के दूसरे संस्करण के आयोजन की घोषणा भी की गई, जो 22 से 26 फरवरी 2027 के बीच मुंबई में आयोजित होगा। यह पहल सामाजिक संस्था प्रोजेक्ट मुंबई और महाराष्ट्र शासन के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इसमें बृहन्मुंबई नगर निगम तथा मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण शामिल हैं। मेजबान संस्थाओं के रूप में शामिल हैं। रिपोर्ट विमोचन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, महसूल मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, जलसंपदा मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की सचिव जयश्री भोज तथा प्रोजेक्ट मुंबई के संस्थापक शिशिर जोशी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार नागरिक-केंद्रित और प्रगतिशील जलवायु समाधान विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘मुंबई क्लायमेट वीक 2026’ का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन पर चर्चा को केवल सम्मेलनों तक सीमित न रखते हुए उसे प्रत्यक्ष कार्यान्वयन और परिणामों से जोड़ना था। तीन दिवसीय इस आयोजन में शहरी लचीलापन, खाद्य व्यवस्था और ऊर्जा संक्रमण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसमें सरकार, वित्तीय संस्थान, उद्योग समूह, शोधकर्ता, नवप्रवर्तक, नागरिक संस्थाएं, शैक्षणिक संस्थान और स्थानीय समुदायों सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। 30 से अधिक देशों के 4 हजार से अधिक प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में सहभागिता की, जबकि 135 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान सात महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर हुए और दस से अधिक नीतिगत पहल शुरू की गईं। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम, यूनिसेफ, विश्व संसाधन संस्थान तथा C40 जैसे अंतरराष्ट्रीय शहरों ने भी इस पहल में भागीदारी दर्ज की। इस अवसर पर महाराष्ट्र की ‘क्लायमेट फाइनेंस एक्सेस एंड मोबिलाइजेशन स्ट्रेटेजी’ की घोषणा की गई। साथ ही ‘क्लायमेट प्रोजेक्ट प्रिपरेशन फैसिलिटी’ (PPF) के अंतर्गत 44 अमृत शहरों में एक हजार से अधिक जलवायु कार्रवाई परियोजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई। ‘मुंबई क्लायमेट वीक 2026’ में 100 से अधिक जलवायु समाधान प्रदर्शित किए गए, जिनमें सौर ऊर्जा, पुनर्चक्रण तकनीक, शहरी वन, कूल रूफ्स और जलवायु बजट जैसी अवधारणाओं को विशेष सराहना मिली। ‘मुंबई क्लायमेट वीक इनोवेशन चैलेंज’ में ग्लोबल साउथ के 350 से अधिक प्रतिभागियों ने आवेदन किया, जिनमें से आठ विजेताओं का चयन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर सहित कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। प्रोजेक्ट मुंबई के संस्थापक शिशिर जोशी ने कहा कि ‘मुंबई क्लायमेट वीक 2027’ में नागरिकों की अधिक भागीदारी, जनजागरूकता और स्थानीय स्तर पर जलवायु कार्रवाई को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन पर केवल चर्चा नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष कार्रवाई ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments