HomeReligionचारधाम यात्रा 2026 में उमड़ा आस्था का सैलाब, 9 लाख से अधिक...

चारधाम यात्रा 2026 में उमड़ा आस्था का सैलाब, 9 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चार धाम यात्रा 2026 में इस साल श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 9 लाख 20 हजार से ज्यादा टूरिस्ट यमुनोत्री मंदिर, गंगोत्री मंदिर, केदारनाथ मंदिर और अन्य धामों के दर्शन कर चुके हैं। केवल 8 मई को ही 52,328 श्रद्धालुओं ने चारधाम में दर्शन किए। यमुनोत्री धाम में 8 मई को 9,377 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए, जिनमें 4,818 पुरुष, 4,298 महिलाएं और 261 बच्चे शामिल रहे। 19 अप्रैल से अब तक यहां कुल 1,45,225 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। वहीं गंगोत्री धाम में 8 मई को 9,482 श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए। इनमें 5,127 पुरुष, 4,191 महिलाएं और 164 बच्चे शामिल रहे। यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक 1,42,999 श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुंच चुके हैं। इस तरह दोनों धामों में कुल 2,88,224 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उधर केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। 8 मई को 19,466 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए, जिनमें 9,881 पुरुष, 9,463 महिलाएं और 120 बच्चे शामिल रहे। 22 अप्रैल से अब तक 4,01,748 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। इसी बीच सीतापुर पार्किंग में तीर्थयात्रियों से कथित अवैध वसूली को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय व्यापारियों ने पार्किंग परिसर का घेराव कर संचालक के खिलाफ प्रदर्शन किया और मनमानी वसूली बंद करने की मांग उठाई।व्यापारियों का आरोप है कि पार्किंग का ठेका दिल्ली निवासी व्यवसायी भारत भूषण को पांच वर्षों के लिए दिया गया है, लेकिन एग्रीमेंट की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा। आरोप है कि जहां चालक और परिचालकों के लिए हॉल में रात्रि विश्राम हेतु 100 रुपये शुल्क निर्धारित है, वहीं यात्रियों से 250 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। इसके अलावा खाना बनाने की सुविधा के नाम पर प्रति वाहन 1200 रुपये तक वसूली के आरोप भी लगाए गए हैं। व्यापारियों का कहना है कि नियमों के अनुसार 8 घंटे तक पार्किंग शुल्क 300 रुपये तय है, लेकिन कई यात्रियों से इससे कई गुना अधिक रकम ली जा रही है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद स्थानीय व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने धरना शुरू कर दिया। सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सेमवाल ने आरोप लगाया कि पार्किंग हॉल में बड़ी संख्या में यात्रियों को ठहराया जा रहा है, जिससे स्थानीय होटल और लॉज खाली पड़े हैं और व्यापार प्रभावित हो रहा है। मामले को लेकर जिला पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे ने कहा कि यदि निर्धारित दरों से अधिक वसूली की शिकायत सही पाई जाती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एग्रीमेंट के अनुसार हॉल में 100 रुपये में रजाई-गद्दे की सुविधा और 8 घंटे के लिए 300 रुपये पार्किंग शुल्क निर्धारित है। वहीं जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय व्यापारियों से दुकानों के आवंटन में भी पहले की तुलना में अधिक शुल्क लिया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments