
मुंबई। महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा, सुगंधित सुपारी और तंबाकू उत्पादों के खिलाफ खाद्य व औषध प्रशासन (एफडीए) ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में माल जब्त किया है। एफडीए द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, यह कार्रवाई 01 अप्रैल 2026 से 19 अप्रैल 2026 के बीच विशेष अभियान के तहत की गई।अन्न सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत राज्य में गुटखा, पान मसाला, सुगंधित तंबाकू और संबंधित उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर पहले से ही प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद मिल रही गुप्त सूचनाओं के आधार पर विभाग ने राज्यभर में छापेमारी करते हुए कुल 143 स्थानों पर जांच की, जहां से करीब ₹1,74,24,922 मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त किया गया।कार्रवाई के दौरान संबंधित पुलिस स्टेशनों में 130 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि 145 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग का कहना है कि यह अभियान विभिन्न विभागों के समन्वय से चलाया गया और आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।प्रेस नोट में बताया गया है कि यह अभियान राज्य के मंत्री नरहरी झिरवाल, सचिव धीरज कुमार और अन्न सुरक्षा आयुक्त श्रीधर दुबे-पाटिल के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के निर्माण, बिक्री या परिवहन की जानकारी टोल-फ्री नंबर 1800-222-365 पर दें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि ऐसे उत्पादों का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है, इसलिए इससे दूर रहें।अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान न केवल कानून के पालन को सुनिश्चित करने के लिए है, बल्कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।




