
ठाणे। पुणे के स्वारगेट से वसई जा रही शिवशाही बस ठाणे रेलवे स्टेशन के पास सतीश ब्रिज पर गुरुवार दोपहर में अचानक आग की चपेट में आ गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों और स्टाफ में हड़कंप मच गया, लेकिन चालक और कंडक्टर की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को पुणे के स्वारगेट से निकली यह बस 10 यात्रियों को लेकर वसई के लिए रवाना हुई थी। ठाणे रेलवे स्टेशन पहुंचने पर इसमें 4 और यात्री सवार हुए। बस जैसे ही सतीश ब्रिज पर पहुंची, उसमें अचानक आग लग गई। बस चालक संतोष किसान गावळी और कंडक्टर मिलिंद सोनवाने ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बस रोक दी और सभी 14 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस तरह कुल 16 लोग (यात्री, चालक और कंडक्टर) समय रहते बस से बाहर निकल गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और शिवशाही बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और ठाणे आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग के कारण बस से डीजल और तेल सड़क पर फैल गया था, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। आपदा प्रबंधन और दमकल कर्मियों ने सड़क पर मिट्टी डालकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया। ठाणे आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।




