
अशोक श्रीवास्तव/मुंबई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एच/पूर्व विभाग में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। बुधवार को बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बावजूद जमीनी हालात में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिला है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) विभाग के तहत आने वाले कार्यों में सुस्ती बनी हुई है, जिसकी जिम्मेदारी विभाग के सहायक अभियंता वैभव बिरारे पर भी आ रही है। नागरिकों का आरोप है कि निगरानी और नियमित निरीक्षण के अभाव में क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वार्ड क्रमांक 95 के अंतर्गत खार पूर्व रेलवे ब्रिज के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि बगल में बीएमसी की चौकी है। रेलवे स्टेशन होने के चलते रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाला प्रमुख मार्ग है, लेकिन इसके बावजूद यहां गंदगी और दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के इलाके में भी सफाई व्यवस्था की कमी साफ तौर पर नजर आती है। इसके अलावा सर्विस रोड पर कई स्थानों पर मलबा (डेब्रिज) खुले में पड़ा हुआ है, जिसे समय पर हटाने की कार्रवाई नहीं की जा रही। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि संबंधित अधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करें, तो इन समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है। सबसे अहम बात यह है कि इस पूरे मामले पर कोई भी जिम्मेदार अधिकारी आधिकारिक रूप से प्रतिक्रिया देने को तैयार नहीं है, जिससे प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बीएमसी प्रशासन से मांग की है कि एच/पूर्व विभाग में स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।





