
मुंबई। अभिनेत्री प्रियंका अग्रवाल इन दिनों अपनी अपकमिंग कन्नड़ फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं, जिसमें वह मुख्य भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता श्री किशोर नजर आएंगे। यह फिल्म उनके करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है और इससे दक्षिण भारतीय सिनेमा में उनकी पकड़ और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही उनकी एक हिंदी फिल्म भी जल्द ही रिलीज लाइनअप में शामिल है। प्रियंका अग्रवाल ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की, जहां उन्होंने ‘विल्स इंडिया फैशन वीक’ और ‘लैक्मे इंडिया फैशन वीक’ जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर रैंप वॉक कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने कई नामी फैशन डिजाइनर्स के साथ काम कर मॉडलिंग इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। विज्ञापन जगत में भी उनका सफर बेहद सफल रहा है। उन्होंने मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन के साथ ‘लॉयड एयर कंडीशनर’ के विज्ञापन में सुपरस्टार मोहनलाल के साथ स्क्रीन साझा की, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। इसके अलावा उन्होंने 100 से अधिक विज्ञापन और ब्रांड शूट्स में काम किया है। म्यूजिक वीडियो इंडस्ट्री में भी प्रियंका अग्रवाल ने अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने ‘जान’, ‘तुझे पाने को’, ‘जादू’, ‘तेरा साथ’ और ‘जिंदगी लौट आई है’ जैसे कई लोकप्रिय म्यूजिक वीडियो में अभिनय किया, जिन्हें दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली। विशेष रूप से ‘जिंदगी लौट आई है’ में उन्होंने निर्माता कुमार मंगत पाठक के साथ काम किया, जिसे काफी सराहना मिली। फिल्मी करियर की बात करें तो प्रियंका ने ‘रेडियो’ (2015), ‘1971: बियॉन्ड बॉर्डर्स’ (2017) और ‘युद्धभूमि 1971 भारत सीमा’ (2018) जैसी फिल्मों में काम किया है। ‘1971: बियॉन्ड बॉर्डर्स’ में उन्होंने अभिनेता अरुणोदय सिंह के साथ मुख्य भूमिका निभाई, जहां उनके अभिनय को सराहा गया। दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी उन्होंने सुपरस्टार मोहनलाल के साथ काम कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रियंका अग्रवाल का कहना है कि उनका सपना राजकुमार हिरानी, संजय लीला भंसाली और आदित्य धर जैसे बड़े निर्देशकों के साथ काम करने का है। वहीं उनके पसंदीदा अभिनेता रणवीर सिंह, सलमान खान और अक्षय कुमार हैं, जिनके साथ वह भविष्य में काम करना चाहती हैं। सोशल मीडिया पर भी प्रियंका की मजबूत फैन फॉलोइंग है और उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। वह अब तक 25 से अधिक म्यूजिक वीडियो में काम कर चुकी हैं और लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। प्रियंका का मानना है कि सफलता तुरंत नहीं मिलती, इसके लिए मेहनत, धैर्य और निरंतर सीखना जरूरी है। वह युवाओं, खासकर लड़कियों को आत्मनिर्भर बनने और अपने करियर पर ध्यान देने का संदेश देती हैं। उनका कहना है कि असफलताएं ही सफलता की सीढ़ी होती हैं और हर रिजेक्शन के बाद ही असली जीत मिलती है। भविष्य में वह फैशन, कॉस्मेटिक या ज्वेलरी ब्रांड लॉन्च करने की इच्छा रखती हैं, लेकिन फिलहाल उनका पूरा ध्यान अभिनय पर केंद्रित है। मॉडलिंग से शुरुआत करने वाली प्रियंका अग्रवाल आज फिल्म, विज्ञापन और म्यूजिक वीडियो के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं।





