
ठाणे। ठाणे रेलवे स्टेशन पर एक व्यापारी के साथ चोरी की घटना सामने आई है, जहां सोते समय अज्ञात चोर उनका नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गया। इस मामले में ठाणे रेलवे पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार अहिल्यानगर जिले के राहुरी निवासी 46 वर्षीय व्यापारी प्रसाद गाडे इमली के व्यापार के सिलसिले में 24 मार्च को वाशी मंडी आए थे। व्यापार पूरा करने के बाद वे बची हुई नकदी अपने बैग में रखकर गांव लौटने के लिए 25 मार्च की रात करीब 12:30 बजे ठाणे रेलवे स्टेशन पहुंचे। बताया गया है कि प्लेटफार्म नंबर 3 पर इंतजार करते समय उन्हें नींद आ गई। रात करीब 2:30 बजे जब उनकी आंख खुली तो उनके पास रखा बैग गायब था। चोरी हुए बैग में करीब 1 लाख 76 हजार रुपये नकद और लगभग 1,000 रुपये मूल्य का काला बैग था।घटना की सूचना मिलने पर ठाणे लोहमार्ग पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच अर्चना दुसाने (वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक) के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन पर अपने सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।




