
ठाणे। ठाणे में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 6,221 करोड़ 12 लाख रुपये का बजट सोमवार को नगर निगम आयुक्त सौरभ राव ने महासभा में पेश किया। यह बजट मेयर शर्मिला पिंपलोलकर की अध्यक्षता में प्रस्तुत किया गया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि मनपा नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर देने के लिए प्रतिबद्ध है और बजट उसी दिशा में तैयार किया गया है। इस दौरान परिवहन सेवा (TMT) के लिए 791 करोड़ 86 लाख रुपये का अलग बजट भालचंद्र बेहरे द्वारा पेश किया गया। महासभा में डिप्टी मेयर कृष्णा पाटिल, अतिरिक्त आयुक्त संदीप मालवी, उपायुक्त जी.जी. गोदापुरे, उमेश विरारी, नेता सदन हनमंत जगदाले, नेता विपक्ष अशरफ यू शानू पठान, गट नेता पवन कदम, पूर्व स्थायी समिति अध्यक्ष राम रेपाले, मुकेश मोकाशी, अभिजीत पवार, सरफराज खान उर्फ सैफ पठान सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बजट के मुख्य आंकड़ों के अनुसार, 2026-27 में राजस्व आय 4,078 करोड़ रुपये, राजस्व व्यय 3,818.17 करोड़ रुपये और कैपिटल व्यय 2,401.55 करोड़ रुपये प्रस्तावित है, जबकि क्लोजिंग बैलेंस 1.40 करोड़ रुपये रखा गया है। आयुक्त ने पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की संशोधित स्थिति भी सामने रखी, जिसमें पानी, नगर विकास और दमकल विभाग की आय में गिरावट के कारण राजस्व आय 3,523.79 करोड़ से घटाकर 3,461 करोड़ रुपये की गई। वहीं राजस्व व्यय 3,722.93 करोड़ से घटकर 3,440.80 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जबकि कैपिटल खर्च 1,921.41 करोड़ से बढ़ाकर 1,996.39 करोड़ रुपये किया गया है। हालांकि, सरकार से मिलने वाले अनुदान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जहां मूल बजट में 612.59 करोड़ रुपये के मुकाबले संशोधित बजट में 1,493.15 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया। AMRUT 2.0 योजना के तहत पहले 60.89 करोड़ रुपये का कर्ज लेने की योजना थी, लेकिन केंद्र सरकार से 98.68 करोड़ रुपये की ब्याज-मुक्त सहायता मिलने के कारण कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ी। कुल मिलाकर यह बजट बिना किसी नए टैक्स के, वित्तीय अनुशासन, बढ़े हुए अनुदान और बुनियादी ढांचे पर निवेश के जरिए ठाणे को एक विकसित और नागरिक-हितैषी शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




