
मुंबई। अर्जुन पुरस्कार एवं शिवछत्रपति राज्य क्रीड़ा पुरस्कार विजेता पर्वतारोही उमेश झिरपे के नेतृत्व में 2 अप्रैल से माउंट एवरेस्ट के लिए रवाना होने वाले पर्वतारोहियों के दल को राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने बुधवार को महाराष्ट्र लोकभवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘गिरीप्रेमी’ संस्था द्वारा ‘माउंट एवरेस्ट अभियान 2026’ नामक 50 दिवसीय अभियान का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि ‘गिरीप्रेमी’ संस्था का नाम जितना सुंदर है, उतना ही सराहनीय उसका हिमनद संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का कार्य भी है। उन्होंने कहा कि हिमालय केवल पर्वत श्रृंखला नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा और जीवंत प्रतीक है, जिसका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। राज्यपाल ने कहा कि हर व्यक्ति स्वयं माउंट एवरेस्ट पर नहीं चढ़ सकता, इसलिए पर्वतारोहियों के अनुभवों के माध्यम से ही हम इस महान शिखर को समझ सकते हैं। उन्होंने पर्वतारोहियों को शिखर फतह कर लौटने के बाद पुनः मिलने के लिए आमंत्रित भी किया। इस मौके पर ‘गिरीप्रेमी’ संस्था के अध्यक्ष जयंत तुळपुळे, भूषण हर्षे, प्रसाद जोशी, चंदन चव्हाण और अजित ताटे सहित पर्वतारोहण क्षेत्र से जुड़े अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे। अभियान में संस्थापक उमेश झिरपे के साथ पर्वतारोही विवेक शिवदे, निकुंज शाह, मिहीर जाधव और अखिल कारकर शामिल हैं।




