
झांसी, उत्तर प्रदेश। राज्य महिला आयोग की सदस्या अनुपमा सिंह लोधी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिला फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम से पूर्व सदस्या ने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, अल्ट्रासाउंड कक्ष, महिला वार्ड, ऑपरेशन थियेटर, परीक्षण कक्ष एवं एसएनसीयू का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। साथ ही निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाली महिलाओं को मातृवंदना योजना की जानकारी देकर लाभान्वित किया जाए तथा अल्ट्रासाउंड सुविधा में पूर्व जांच रिपोर्ट का अनिवार्य रूप से अवलोकन किया जाए। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद आयोजित जनसुनवाई में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। सदस्या ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महिला कल्याण योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे महिलाओं के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी थानों में महिला सुरक्षा और अधिकारों के संरक्षण हेतु आयोग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर और दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
जनसुनवाई में कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 12 पुलिस विभाग, 7 राजस्व विभाग और 2 अन्य विभागों से संबंधित थीं। अधिकारियों को इन सभी मामलों के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर पीयूष कुमार पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमाकांत, सीएमएस महिला चिकित्सालय डॉ. राजनारायण, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल, जिला समाज कल्याण अधिकारी ललिता यादव, सहायक श्रमायुक्त दीपिका, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपुल शिव सागर, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




