
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। होली पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने पुलिस एवं आबकारी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए 05 मार्च 2026 तक चल रहे विशेष अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और टीम का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान चेक पोस्ट पर सख्ती से निगरानी रखी जाए, ताकि अवैध शराब के परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। जिलाधिकारी ने आबकारी एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित अभियान की समीक्षा करते हुए अब तक की प्रवर्तन कार्रवाई पर संतोष जताया तथा वार्षिक राजस्व लक्ष्य की जानकारी ली। उन्होंने शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति के लिए अभी से ठोस रणनीति बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान के दौरान टीमों द्वारा प्रदर्शित समन्वय और सक्रियता आगे भी बनी रहनी चाहिए, जिससे राजस्व वसूली के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि माननीय न्यायालय के आदेशानुसार प्रदेश में अवैध रूप से संचालित हुक्का बार प्रतिबंधित हैं। ऐसे में विभागीय अधिकारी एवं पुलिस संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाकर हुक्का बार के संचालन पर सख्ती से रोक सुनिश्चित करें। साथ ही, जनपद के बैंक्वेट हॉल, बारात घर एवं पार्टी लॉन में एक दिवसीय शराब पार्टी आयोजित करने के लिए आबकारी विभाग से ऑनलाइन लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस शराब पार्टी आयोजित किए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों तथा राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजमार्गों पर स्थित ढाबा संचालकों को निर्देशित किया कि परिसर में बिना वैध लाइसेंस के मदिरा न परोसी जाए और न ही किसी प्रकार की अवैध शराब पार्टी आयोजित की जाए। निरीक्षण के दौरान उल्लंघन पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके अतिरिक्त, नशीली दवाओं के उपयोग और मादक पदार्थों की बिक्री के विरुद्ध भी लगातार छापेमार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी के निर्देशन में आबकारी विभाग, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अवैध शराब निर्माण एवं भंडारण स्थलों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध कच्ची शराब और लहन को नष्ट किया गया है। जनपद की अन्य तहसीलों में भी आबकारी टीमों द्वारा कच्ची शराब के अड्डों पर छापेमारी और आबकारी दुकानों की नियमित जांच की जा रही है, जिससे अवैध एवं मिलावटी शराब की बिक्री पर पूर्णतः अंकुश लगाया जा सके। अंत में जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग की टीम एवं स्टाफ को उनके कार्यों के लिए बधाई देते हुए आगे भी इसी समर्पण और सतर्कता के साथ कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।




