
मीरा-भाईंदर। सिखों के नौवें गुरु और “हिंद दी चादर” के रूप में पूरे देश में श्रद्धापूर्वक स्मरण किए जाने वाले गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी समागम के अवसर पर मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की ओर से 24 फरवरी 2026 को महानगरपालिका क्षेत्र की सभी स्कूलों में विशेष जानकारीपरक निबंध लेखन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतियोगिता आयोजित करना नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों को गुरु तेग बहादुर के जीवन, उनके बलिदान तथा धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए दिए गए महान त्याग के बारे में जागरूक करना था। इस पहल के माध्यम से मूल्य आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करते हुए विद्यार्थियों में सहिष्णुता, राष्ट्रीय एकता और मानवता के विचार विकसित करने का प्रयास किया गया। महानगरपालिका क्षेत्र की प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में यह उपक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। विद्यार्थियों ने गुरु तेग बहादुर के जीवन, कार्य, शौर्य और त्याग के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर निबंध लिखे। विशेष बात यह रही कि इस उपक्रम में कुल 10,869 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई, जो अपने आप में उल्लेखनीय है। शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों द्वारा कुल 10,869 निबंध प्रस्तुत किए गए। इस कार्यक्रम से विद्यार्थियों को ऐतिहासिक घटनाओं का गहन अध्ययन करने का अवसर मिला और उनके लेखन कौशल तथा चिंतन क्षमता के विकास में भी सहायता मिली। महानगरपालिका की ओर से इस उपक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों, कार्यक्रम को सफल बनाने वाले प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया।




