
बीड जिले में एक हजार से अधिक पशु होंगे शामिल
मुंबई। बीड जिले के परली वैजनाथ में 13 से 15 फरवरी 2026 के दौरान ‘अखिल भारतीय पशु-पक्षी प्रदर्शनी’ का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य प्रदर्शनी में देशभर की विभिन्न प्रजातियों के एक हजार से अधिक पशु और पक्षी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। पशुसंवर्धन विभाग की ओर से अधिक से अधिक पशुपालकों और किसानों से इस प्रदर्शनी में भाग लेने का आह्वान किया गया है। इस प्रदर्शनी में पशुपालकों को गाय, भैंस, घोड़े, बकरी-भेड़ सहित विभिन्न पक्षियों की उन्नत और उच्च गुणवत्ता वाली नस्लें देखने को मिलेंगी। न केवल महाराष्ट्र बल्कि देशभर से प्रगतिशील पशुपालक और किसान इस आयोजन में शामिल होंगे। इसके माध्यम से पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन, पशु आहार प्रबंधन तथा पशु स्वास्थ्य से जुड़ी विस्तृत और अद्यतन जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। यह जानकारी पशुसंवर्धन मंत्री पंकजा मुंडे ने दी। पशुसंवर्धन विभाग के सचिव (पदुम) डॉ. रामास्वामी एन. के मार्गदर्शन में इस प्रदर्शनी का आयोजन प्रभावी ढंग से किया जा रहा है। परळी वैजनाथ में प्रदर्शनी के लिए विशाल मैदान और पशुधन के लिए आवश्यक सुविधाओं के निर्माण का कार्य तेज़ी से चल रहा है। पशुसंवर्धन आयुक्त डॉ. प्रवीणकुमार देवरे ने विश्वास जताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से पशुपालकों को पशुपालन से जुड़ी नवीनतम तकनीक, उन्नत नस्लों और आधुनिक प्रबंधन की संपूर्ण जानकारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी। इससे पशुपालन व्यवसाय को नई गति मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। प्रशासन की ओर से बीड जिले सहित राज्यभर के अधिक से अधिक पशुपालकों से इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की गई है।




