
मुंबई। दिवंगत अंडरवर्ल्ड डॉन हाजी मस्तान की बेटी होने का दावा करने वाली हसीन मस्तान मिर्जा ने दुर्व्यवहार, बलात्कार और संपत्ति हड़पने के गंभीर आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न्याय की अपील की है। हसीन मस्तान मिर्जा का आरोप है कि उनके मामा के बेटे से उनकी १९९६ में जबरन शादी करवाई गई थी। उस समय वह नाबालिग थीं। उन्होंने दावा किया कि शादी के बाद उस व्यक्ति ने उनके साथ बलात्कार किया, लगातार प्रताड़ित किया और उनकी संपत्ति पर कब्जा करने के लिए उनकी पहचान तक चुरा ली। हसीन का यह भी आरोप है कि उस व्यक्ति ने उनसे पहले आठ बार शादी की थी। हसीन मस्तान ने कहा कि जबरन शादी और लंबे समय तक चले उत्पीड़न के कारण उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा, जिसके चलते उन्होंने तीन बार आत्महत्या करने का प्रयास भी किया। उन्होंने कहा, ‘मेरे साथ बलात्कार हुआ, हत्या का प्रयास किया गया, बाल विवाह कराया गया, मेरी संपत्ति छीन ली गई और मेरी पहचान छुपा दी गई। मैंने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया है कि कानून को सख्त बनाया जाए, ताकि अपराध करने से लोग डरें। हसीन मस्तान की यह अपील हाल ही में इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के बाद सामने आई है, जिसमें उन्होंने वर्षों से न्याय के लिए चल रहे अपने संघर्ष को सार्वजनिक किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इतने साल बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है। हसीन मिर्जा ने एक बार फिर केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई हो और उन्हें न्याय दिलाया जाए।




