
मीरा–भाईंदर। मीरा–भाईंदर महानगरपालिका द्वारा आयोजित “संडे गार्डन” कार्यक्रम का अंतिम सत्र 25 मई 2025 को शाम 6 बजे विभिन्न उद्यानों में बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करना और शहर के नागरिकों को सांस्कृतिक एवं मनोरंजनात्मक गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर देना था। कार्यक्रम में नृत्य, गायन, मिमिक्री और जादू जैसे विभिन्न कला प्रदर्शन हुए। खासतौर पर सालासर हनुमान मंदिर भाईंदर में 14 वर्षीय जादूगर स्वरांग रणदिवे ने अपने जादुई करतब दिखाकर दर्शकों का मन मोह लिया। उनका जादू का प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। यह आयोजन मई महीने के प्रत्येक रविवार को बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया था, जिसमें नागरिकों और कलाकारों की भागीदारी ने कार्यक्रम को सफल बनाया। इस पहल के माध्यम से शहर के सांस्कृतिक प्रतिभाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मीरा–भाईंदर महानगर पालिका के आयुक्त एवं प्रशासक राधाबिनोद शर्माने इस सफल आयोजन के पश्चात नागरिकों और कलाकारों का धन्यवाद किया और उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कार्यकारी अभियंता नितीन मुकणे, उद्यान अधिकारी नागेश वीरकर सहित कई मनपा अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के माध्यम से मिरा भाईंदर के सांस्कृतिक जीवन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, और भविष्य में भी इसी तरह के आयोजनों की उम्मीद जताई जा रही है।




