
नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। सभी सीटों पर मतदान 19 जून को होगा और मतगणना 23 जून को की जाएगी। गुजरात की कडी सीट पर विधायक करसनभाई पंजाबभाई सोलंकी की मृत्यु के कारण उपचुनाव कराया जा रहा है, जबकि विसावदर सीट पर भयानी भूपेंद्रभाई गंडूभाई के इस्तीफे के कारण चुनाव हो रहा है। केरल की नीलांबुर सीट पर पी. वी. अनवर के इस्तीफे, पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर गुरप्रीत बस्सी गोगी की मृत्यु और पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन के कारण उपचुनाव अनिवार्य हो गया है। गुजरात में कांग्रेस ने पहले ही घोषणा की है कि वह इंडिया ब्लॉक सहयोगी आम आदमी पार्टी के साथ कोई गठबंधन नहीं करेगी और दोनों सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि गुजरात में तीसरे मोर्चे को कभी समर्थन नहीं मिला, यहां मुकाबला केवल कांग्रेस और भाजपा के बीच होता है। वहीं लुधियाना पश्चिम सीट पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी आमने-सामने हैं। कांग्रेस ने भारत भूषण आशु को उम्मीदवार बनाया है, जबकि आम आदमी पार्टी ने फरवरी में राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को प्रत्याशी घोषित किया था। इन उपचुनावों को लोकसभा चुनाव के बाद देश के बदलते राजनीतिक समीकरणों की पहली अहम परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है।




