
मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा शुरू किए गए “100 दिवसीय प्रशासनिक सुधार विशेष अभियान” के तहत महाराष्ट्र के जिला स्तर के सरकारी संस्थानों की समीक्षा भारतीय गुणवत्ता परिषद (QCI) द्वारा की गई। इस समीक्षा में महाराष्ट्र खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफडीए) के मुंबई मंडल परिमंडल 5 को राज्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रथम स्थान प्रदान किया गया है। इस परिमंडल के सहायक आयुक्त (औषध) गणेश रोकड़े हैं, जिनके नेतृत्व में यह उल्लेखनीय उपलब्धि संभव हो सकी। यह सम्मान एफडीए की उस दक्ष प्रशासनिक कार्यप्रणाली का परिणाम है, जो पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और निरंतर सुधार की भावना पर आधारित है। सोलापुर को दूसरा और बुलढाणा को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। एफडीए आयुक्त राजेश नार्वेकर तथा मुंबई मंडल के सह आयुक्त विजय जाधव के मार्गदर्शन में यह सफलता हासिल हुई है। सहायक आयुक्त गणेश रोकड़े ने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी टीम को देते हुए कहा, यह सम्मान हमारे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमवर्क और सतत मेहनत का परिणाम है। आने वाले समय में भी हम एफडीए की कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी व उत्तरदायी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेंगे।यह उपलब्धि न केवल एफडीए के लिए गौरव का विषय है, बल्कि अन्य सरकारी विभागों के लिए भी प्रेरणा है कि यदि संगठित प्रयास और प्रतिबद्धता हो, तो प्रशासनिक सुधार और उत्कृष्टता निश्चित रूप से हासिल की जा सकती है।




