
मीरा-भाईंदर। मीरा-भाईंदर नगर निगम द्वारा 23 और 24 मई 2025 को पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम का दो दिवसीय अध्ययन दौरा आयोजित किया गया। इस दौरे का उद्देश्य शहरी विकास, स्वच्छता, पर्यावरणीय उपायों, बुनियादी ढांचे, दिव्यांग नागरिकों के लिए सुविधाएं, शिक्षा, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनाई गई प्रभावी परियोजनाओं का अध्ययन कर उन्हें मीरा-भाईंदर में लागू करना था। इस दौरे में प्रतिनिधियों ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली, सामग्री पुनर्प्राप्ति केंद्र, अपशिष्ट छंटाई, स्थानांतरण स्टेशन, घरेलू खतरनाक अपशिष्ट प्रकल्प, सीवेज उपचार केंद्र और सार्वजनिक स्वच्छता के लिए ‘नई दिशा’ जैसी आधुनिक शौचालय परियोजना का निरीक्षण किया। साथ ही, पर्यावरण अनुकूल ‘ग्रीन ब्रिज’, डायनासोर पार्क व लीनियर गार्डन जैसी परियोजनाओं, थेरगांव का सुसज्जित अस्पताल, दिव्यांगों के लिए ‘दिव्यांग भवन’, बच्चों के लिए ‘साइंस पार्क’, और निगडी स्थित ‘लाइटहाउस’ जैसी योजनाओं की समीक्षा की गई। पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम द्वारा जीआईएस-ईआरपी, आरएएमएस मॉडल और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित अवैध होर्डिंग पहचान प्रणाली, संपत्ति कर सुधार, महिला स्वयं सहायता समूहों की सशक्तिकरण योजना, सीएचडीसी परियोजना और टिकाऊ परिवहन प्रणाली जैसी पहलों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अभ्यास दौरे ने मीरा-भाईंदर अधिकारियों को शहरी प्रशासन के नए मॉडल्स अपनाने, तकनीक आधारित समाधान लागू करने और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उपयोगी मार्गदर्शन दिया, जिससे शहर को स्मार्ट और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में सार्थक पहल हो सकेगी।




