
मुंबई। महाराष्ट्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति का प्रभावी क्रियान्वयन तेजी से जारी है, जिसमें नवाचार और अनुसंधान को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी दिशा में उच्च व तंत्र शिक्षण विभाग द्वारा ‘शिक्षणवेध 2047’ नामक एक नई त्रैमासिक पत्रिका शुरू की गई है। इस पत्रिका का विमोचन मंगलवार को मंत्रिमंडल बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, उच्च व तंत्र शिक्षण मंत्री चंद्रकांत पाटिल, मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव सुजाता सौनिक और विभाग के अपर मुख्य सचिव बी. वेणुगोपाल रेड्डी उपस्थित रहे। ‘शिक्षणवेध 2047’ त्रैमासिक के माध्यम से उच्च व तंत्र शिक्षण विभाग की विभिन्न योजनाओं, उपक्रमों, नीतियों, सफलताओं, शिक्षा विशेषज्ञों के विचारों, प्रेरणादायी छात्रों की कहानियों और शैक्षणिक क्षेत्र की नवीन प्रवृत्तियों को उजागर किया जाएगा। इसके अलावा, तंत्रशिक्षण, उच्च शिक्षा, कला शिक्षा और ग्रंथालय संचालनालय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी एक ही स्थान पर पाठकों को प्राप्त होगी। यह पत्रिका विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों के लिए प्रेरणादायी और मार्गदर्शक सिद्ध होने की अपेक्षा के साथ प्रस्तुत की गई है, जो राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार व गुणवत्ता को नई दिशा प्रदान करेगी।




