
ठाणे। ठाणे जिले में मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं के बीच उल्हासनगर पुलिस की अपराध शाखा इकाई-4 ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने मंगलवार को एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जो ठाणे, कल्याण और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई बाइक चोरी की कई घटनाओं में शामिल था। इस कार्रवाई में 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 3.90 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस को खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ अमरदाई कंपनी के पास, उल्हास नदी के किनारे घूम रहे हैं। इस सूचना के आधार पर सहायक पुलिस उपनिरीक्षक बांडे और उनकी टीम ने इलाके में जाल बिछाकर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। आरोपी की पहचान हर्षद भारत सुपे (19), निवासी उल्हासनगर-5 के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सुपे ने स्वीकार किया कि उसने एक नाबालिग साथी की मदद से विट्ठलवाड़ी, हिल लाइन, कल्याण तालुका, पडघा और वर्तकनगर क्षेत्रों से बाइक चोरी की वारदातें की हैं। कानूनी प्रक्रिया के तहत नाबालिग को अभिभावकों को सौंप दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी को विट्ठलवाड़ी पुलिस को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमर सिंह जाधव और सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) शेखर बागड़े के मार्गदर्शन में किया गया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अशोक कोली के साथ-साथ पीएसआई बांडे, पीएसआई पवार, और कांस्टेबल थोरवे, गणेश गावड़े, योगेश वाघ, मंगेश जाधव, अमर कदम, रितेश वंजारी, संजय शेरमाले, प्रसाद तोंडलीकर, रामदास उगले और ड्राइवर अविनाश पवार की संयुक्त कार्यवाही से यह गिरफ्तारी संभव हो सकी। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है ताकि चोरी की अन्य घटनाओं से भी इस गिरोह की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।



