
मुंबई। महाराष्ट्र को भारत का सबसे प्रगतिशील और अग्रगामी राज्य बताते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि छत्रपती शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर महाराष्ट्र देश के विकास में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। महाराष्ट्र राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन में बलिदान देने वाले हुतात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मुंबई के हुतात्मा चौक स्थित स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ॲड. राहुल नार्वेकर, मुख्य सचिव सुजाता सौनिक, मुंबई महानगरपालिका आयुक्त भूषण गगराणी, पुलिस महासंचालक रश्मी शुक्ला समेत राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अन्य मान्यवर उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य है। हम अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाकर समावेशी और सशक्त महाराष्ट्र का निर्माण करेंगे, यही इस दिवस का संकल्प है। मुख्यमंत्री निवास ‘वर्षा’ में भी ध्वजारोहण समारोह आयोजित हुआ, जहां श्री फडणवीस ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी। समारोह में राष्ट्रगीत और राज्यगीत की प्रस्तुति हुई। मुख्यमंत्री निवास में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी और पुलिस विभाग के जवान इस अवसर पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी नागरिकों को महाराष्ट्र स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं।




