
मुंबई। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के मुक्ताईनगर इलाके में महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित संत मुक्ताई यात्रा मेले के दौरान केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे की बेटी के साथ कुछ युवकों ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की। इस घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए मंत्री रविवार को मुक्ताईनगर पुलिस स्टेशन पहुंचीं।
सीएम फडणवीस का आश्वासन, सख्त कार्रवाई के निर्देश
रक्षा खडसे ने बताया, “परसों रात मेरी बेटी मेले में गई थी और यह घटना हुई। कुछ लड़कों ने उसे परेशान किया।” महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “इसमें एक पार्टी के कुछ पदाधिकारी शामिल हैं, यह बेहद शर्मनाक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। इस तरह का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।”
पुलिस जांच जारी, छह आरोपी फरार
पुलिस ने इस मामले में पोक्सो एक्ट, छेड़छाड़ और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी छह संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, इन युवकों के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं।
पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे बोले- अपराधियों को पुलिस का डर नहीं
पूर्व मंत्री और रक्षा खडसे के ससुर एकनाथ खडसे ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “ये लड़के खूंखार अपराधी हैं। महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, और अपराधियों को पुलिस का डर नहीं रह गया है। कई लड़कियां शर्म और डर की वजह से शिकायत दर्ज नहीं करातीं। हमने भी मजबूरी में शिकायत दर्ज करवाई।
NCP नेता रोहिणी खडसे का सवाल – आम लड़कियों को कैसे मिलेगा न्याय?
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की प्रदेश अध्यक्ष रोहिणी खडसे ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा, “अगर महाराष्ट्र में एक केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ छेड़छाड़ हो सकती है, तो आम परिवारों की महिलाओं और लड़कियों को न्याय कैसे मिलेगा?
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इस घटना के बाद मुक्ताईनगर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मेले में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।