
मुंबई। वित्त वर्ष 2023-24 के लिए “भारतीय रेलवे पर सर्वश्रेष्ठ इनोवेशन की सुझाव योजना” में मध्य रेल ने प्रथम और द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। मध्य रेल ने “जलमग्न परिस्थितियों में पॉइंट मशीन विफलताओं को रोकने के लिए अभिनव समाधान” विकसित कर प्रथम पुरस्कार जीता, जो विशेष रूप से मुंबई उपनगरीय रेलवे नेटवर्क के लिए तैयार किया गया है। मानसून के दौरान बाढ़ के कारण पॉइंट मशीन की विफलता से ट्रेन संचालन प्रभावित होता था, लेकिन पॉइंट मशीन कवर में संशोधन कर इसे अधिक विश्वसनीय बनाया गया, जिससे ट्रेनों का संचालन सुचारू हुआ और मैन्युअल क्लैम्पिंग की आवश्यकता समाप्त हो गई। मध्य रेल ने “कोचों की नियमित हेल्थ मॉनिटरिंग के जरिए पानी की उपलब्धता और संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वास्तविक समय जल स्तर नोटिफ़ायर प्रणाली” विकसित कर दूसरा पुरस्कार भी जीता, जिससे यात्री सुविधाओं में सुधार हुआ। इस उपलब्धि के तहत प्रथम पुरस्कार के रूप में 3 लाख रुपए और द्वितीय पुरस्कार के रूप में 2 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई। भारतीय रेलवे की “सर्वश्रेष्ठ इनोवेशन की सुझाव योजना” कर्मचारियों को नवाचार के लिए प्रेरित करने और रेलवे की दक्षता बढ़ाने के लिए चलाई जाती है, जिसमें मंडल, क्षेत्रीय और रेलवे बोर्ड स्तर पर व्यावहारिक और प्रभावी नवाचारों को पहचानकर पुरस्कृत किया जाता है। इन नवाचारों से न केवल रेलवे संचालन में सुधार होगा, बल्कि यात्रियों को भी अधिक विश्वसनीय सेवाएं मिलेंगी।