पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में चार लोगों के पास से करीब 11 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पेल्हार पुलिस की एक टीम ने बुधवार को सोपारा फाटा के पास एक पुरुष और एक महिला को पकड़ा तथा उनके पास से 25 किलोग्राम गांजा जब्त किया। उसी दिन, एक गश्ती दल ने तुंगर फाटा में 24 किलोग्राम गांजा के साथ दो लोगों को पकड़ा। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय विरार) जयंत बाजबले ने बताया कि कुल मिलाकर, लगभग 11 लाख रुपये मूल्य का 49 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आगे की जांच चल रही है।