
बलरामपुर:(Balrampur) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया के जो विकसित देश नहीं कर पाए नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत ने वह कर दिखाया। आज वैश्विक मंच पर भारत का सम्मान बढ़ा है। भारत समृद्धि की ओर लगातार बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बलरामपुर के पचपेड़वा स्थित इमलिया कोडर में सोमवार को थारू संग्रहालय का लोकार्पण के मौके पर कहा कि कांग्रेस भारत की विरासत के प्रति गंदी सोच रखती है। सभी देशवासियों को अपने गौरवशाली विरासत पर गर्व करनी चाहिए। इसके संरक्षण पर सदैव कार्य करना चाहिए। सनातन धर्म वसुधैव कुटुंबकम का संदेश देता है। गोरखपुर की गीता प्रेस 100 वर्षों से धार्मिक साहित्य का सबसे बड़ा केंद्र रहा है। गीता प्रेस गांधी शांति पुरस्कार से चयनित हुई है, यह गौरव के बात है।
बिना जाति मजहब देखें सबका साथ, सबका विकास सबका विश्वास के मंत्र पर सभी को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। थारू समुदाय पर्यावरण संरक्षण जंगल के देखरेख में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। पर्यावरण संरक्षण कोई जनजातीय समुदाय से सीखे। थारू समुदाय का गौरवशाली इतिहास रहा है। थारू संग्रहालय को लेकर थारू समुदाय से जुड़े लोगों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि थारू समाज से जुड़ी पुरानी चीजें संग्रहालय को उपलब्ध कराएं जिससे उनसे जड़ी यादें लोग जानें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इमलिया कोडर को सड़क कनेक्टिविटी से जोड़ा जाएगा।
योगी ने कहा कि जनपद बलरामपुर पहले आकांक्षी जनपदों में था। अब तेजी से विकसित जनपदों में इसकी गिनती हो रही है। जनपद प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, मंत्री संजीव गौढ़, मंत्री जयवीर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया।
कार्यक्रम में थारू समुदाय के द्वारा पारम्परिक लोक नृत्य भी किया गया। मुख्यमंत्री ने 24 करोड़ 78 लाख की लागत से उत्तर प्रदेश का पहला थारू संग्रहालय का लोकार्पण इमलिया कोडर में किया। संग्रहालय के लोकार्पण उपरांत थारू समुदाय के द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया।
कार्यक्रम उपरांत मुख्यमंत्री शक्तिपीठ देवीपाटन पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन मंगलवार को मां पाटेश्वरी जी के दर्शन पश्चात यहां से अंबेडकर नगर के लिए प्रस्थान करेंगे।