
खंडवा। गणगौर माता विसर्जन के लिए कुएं की सफाई के दौरान गुरुवार को जहरीली गैस रिसाव से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 8 लोग कुएं में डूब गए। शाम 7 बजे तक 4 लोगों के शव निकाले जा चुके थे, जबकि शेष 4 की तलाश जारी है। मौके पर पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। यह हादसा खंडवा के छैगांवमाखन क्षेत्र के ग्राम कोंडावत में हुआ, जहां गणगौर विसर्जन से पहले सफाई के लिए दो लोग कुएं में उतरे और जहरीली गैस के कारण उनका दम घुट गया। उन्हें बचाने के लिए 6 और लोग कुएं में उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। छैगांवामाखन और पंधाना थाने की पुलिस टीम एसडीईआरएफ के जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जहरीली गैस के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आ रही थी, जिसके चलते एसडीईआरएफ कर्मी ऑक्सीजन मास्क पहनकर कुएं में उतरे और 4 शव बाहर निकाले। यह हादसा उस वक्त हुआ जब कुनबी पटेल समाज की माता का विसर्जन होना था और परंपरा के अनुसार लोग कुएं की सफाई कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय मौके पर पहुंचे और मेडिकल कॉलेज व अस्पताल को अलर्ट कर दिया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पुलिस तैनात की गई है ताकि रेस्क्यू किए गए लोगों के इलाज में कोई बाधा न आए। इस हादसे से गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि प्रशासन लगातार बचाव अभियान चला रहा है।





