
सोलापुर। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के अक्कलकोट रोड स्थित एमआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया की सेंट्रल इंडस्ट्रीज़ फैक्ट्री में रविवार तड़के भीषण आग लगने से 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में फैक्ट्री मालिक उस्मान मंसूरी और उनका पूरा परिवार शामिल है। आग पर 14 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया गया, लेकिन शाम को आग दोबारा भड़कने से दमकल कर्मियों को दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ा। घटना तड़के करीब 3 बजे हुई जब फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। सुबह साढ़े पांच बजे तक तीन श्रमिकों के शव निकाले जा चुके थे, लेकिन बाद में पता चला कि फैक्ट्री मालिक और उनके परिवार के सदस्य भी अंदर फंसे हैं। दीवार तोड़कर बचाव अभियान चलाया गया और 14 घंटे के बाद अग्निशमन दल ने जब आग पर काबू पाया, तब 5 और शव बरामद किए गए। आग के कारण दम घुटने से हुई मौतों ने इस दुर्घटना को और भी भयावह बना दिया। मारे गए लोगों की पहचान इस प्रकार की गई है:- उस्मान मंसूरी (87), अनस मंसूरी (24), शिफा मंसूरी (22), यूसुफ मंसूरी (1 वर्ष), आयशा बागवान (38), महताब बागवान (51), हिना बागवान (35) व सलमान बागवान (38)। इस घटना में दो अग्निशमन कर्मी, जिनमें मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी शामिल हैं, घायल हो गए हैं। शाम करीब 5 बजे जब माना गया कि आग पूरी तरह बुझा दी गई है, तभी एक घंटे के भीतर आग ने फिर से भीषण रूप ले लिया। चूंकि यह इलाका औद्योगिक क्षेत्र है, इसलिए अन्य फैक्ट्रियों को बचाने के लिए अग्निशमन विभाग को अतिरिक्त संसाधन झोंकने पड़े।
सरकारी प्रतिक्रिया और राहत आश्वासन
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोलापुर जिला कलेक्टर कुमार आशीर्वाद से घटना की जानकारी ली और पूरा प्रशासनिक तंत्र राहत कार्य में झोंकने के निर्देश दिए। उन्होंने मृतकों के परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करने का आश्वासन भी दिया है। प्रशासन की ओर से फैक्ट्री में आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। यह भी देखा जा रहा है कि फैक्ट्री में अग्निसुरक्षा के मानक पूरे किए गए थे या नहीं।



