
मीरा-भायंदर। मीरा भयंदर-वसई विरार (एमबीवीवी) पुलिस की अपराध शाखा (जोन II) ने वसई के एवर-शाइन सिटी इलाके में कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से कोकीन और मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया गया है। जब्त की गई मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 11.58 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस अधिकारी सचिन पाटिल द्वारा मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस निरीक्षक समीर अहिरराव की अगुवाई में टीम ने रविवार तड़के 12:15 बजे महेश अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल पर छापा मारा। वहां रहने वाले नाइजीरियाई नागरिक विक्टर ओडिचिन्मा ओमुवाला उर्फ डाइक रेमंड (37) के पास से 48 ग्राम कोकीन और एक फर्जी पासपोर्ट बरामद हुआ। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसी इमारत की चौथी मंजिल के एक अन्य फ्लैट की चाबियाँ भी विक्टर से मिलीं। वहां तलाशी लेने पर पुलिस को 22.865 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) मिला और एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक इग्वेनुबा चिमाओबी का पासपोर्ट भी बरामद हुआ। जांच में चिमाओबी की भी इस ड्रग्स तस्करी में संलिप्तता सामने आई, लेकिन वह फरार है। टीम ने मौके से ड्रग्स की गुणवत्ता बदलने में प्रयुक्त रसायन भी जब्त किए। आरोपी विक्टर के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि विक्टर पूर्व में मुंबई के आज़ाद मैदान पुलिस क्षेत्र में दर्ज एक अन्य ड्रग्स केस में भी शामिल रहा है। मामले की आगे की जांच वालिव पुलिस को सौंपी गई है। पुलिस अब एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) के साथ मिलकर न सिर्फ ड्रग्स की सप्लाई चेन, बल्कि दोनों नाइजीरियाई नागरिकों के वीज़ा और प्रवास से जुड़े दस्तावेजों की भी छानबीन कर रही है ताकि उनके भारत में रहने की वैधता की पुष्टि की जा सके। फरार चिमाओबी की तलाश जारी है।




